Tuesday, March 10, 2015

डुबकी - गीताश्री की कहानी






कथाकार गीताश्री की कहानियों के स्त्री-पात्र अपनी विलक्षणता के कारण एक अमिट छाप छोड़ने में सक्षम रहे हैं!  उनकी कहानियों में स्त्री-मन की गहन अनुभूतियाँ और उनकी आंतरिक भावनाओं के सटीक विश्लेषण की क्षमता बहुत प्रभावित करती है!  आइये पढ़ते हैं, दुनियावी ख़ूबसूरती के मापदंडों पर खरी उतरती एक स्त्री के जीवन की रपटीली पगडंडियों पर खो जाने की कहानी! जी हाँ,  गीता जी की नई कहानी 'डुबकी'!  उल्लेखनीय है यह कहानी हाल ही में 'नया ज्ञानोदय' में प्रकाशित हुई है!

                                                       






सितंबर की शाम ऐसे भी मुलायम होती है। यह स्याह चेहरे वाली गीली शाम थी। उसे महसूस हुआ कि
शाम की स्याही धीरे धीरे फैल रही है, न सिर्फ बरामदे और कमरे के अंदर बदरंग सोफे पर बल्कि उसके
शरीर और आत्मा पर भी...। वहां तो वर्षों से अंधेरे की कई परतों वाली काई जमी है, ये स्याही भला क्या
जमेगी वहां..! उसने सूखे होठो पर जीभ फिराई, कंठ को प्यास-सी लगी थी। लेकिन मन ना हुआ कि उठ
कर पानी पी आए..।

आज की शाम कुछ होना था..वह आ रही है..वह लौट रही है, वह आना चाहती है..!

थोड़ी देर में सब को यहां इकठ्ठे होना था। फैसला दिए जाने से पहले उसने सबके चेहरे देखे। गुड्डी के
चेहरे पर सन्नाटा, चिंटू के चेहरे पर सख्ती और उसके अपने चेहरे पर....? बेसिन के पास लगे आईने में
चलता हुआ एक चेहरा दिखा। वहां तो स्थाई रुप से धूप गायब है। चेहरा नहीं, धूपविहीन जंगल की वह
दलदली ज़मीन थी जहां गीले-गीले भाव भी धंसने के डर से नहीं उभरते थे।  गाल धंसा हुआ और त्वचा
सूखी ज़मीन जैसी। दोनो हथेलियों से उसने गालो के गड्डे को ढंक लिया...नहीं नहीं..उसे ये गढ्ढे नहीं
दिखने चाहिए। वह उसे दुखी क्यों दिखे। क्यों लगे कि सितमगर ने इतने सालो में उस पर क्या जुल्म
ढाएं हैं। उसके चेहरे पर विजयी मुस्कान नहीं देखना चाहता। उसे महसूस होना चाहिए कि उसके बिना
यहां सब ठीक था। मन ही मन दोहराया...कुछ नहीं बोलूंगा..अपनी इच्छा जाहिर नहीं करुंगा, न शोक
प्रकट करुंगा न शिकायतें..फिर...क्या करुंगा, जब वह सामने आएगी..। गुड्डी और चिंटू की मनोदशा से
बेखबर हरीश त्यागी मन के भीतर जूझ रहा था। इतना आसान नहीं था। पांच साल बाद उसका सामना
करना। उससे, जिससे कभी टूट कर प्यार किया था, जो उसके लिए दुनिया की सबसे सुंदर स्त्री थी।
सचमुच वह सुंदर थी। हरीश खुद बहुत सामान्य था। हरीश ने अपने आसपास और रिश्तेदारी में इतनी
सुंदर स्त्री नहीं देखी थी। वह अपने भाग्य पर बहुत इतराता था। कई बार अपने लेडी बौस को बोल देता
.था,
”मैडम जी...मेरी मिसेज बहुत सुंदर है जी..आप देखोगे न तो देखते रह जाओगे...।“

हरीश अपनी पत्नी का शुक्रिया अदा करता रहता था-रीना, तू कुछ मांग ले, दे दूंगा..तूने बच्चे बड़े सुंदर 
पैदा किए, मेरा खानदान बदल दिया।
एक बड़े मीडिया हाउस में हरीश एक मामूली ग्राफिक्स डिजाइनर ही तो था। डिजाइन बनाते बनाते उसकी
आंखें और सूझ दोनों में खूबसूरती का महत्व कुछ ज्यादा ही बढा हुआ था। बीवी और बच्चो के सुंदर होने
का उसका अभिमान उसके हाव भाव से फूटा पड़ता था। किसी ने बात शुरु नहीं की, हरीश की बातें घूम
फिर कर बीवी और बच्चो की सुंदरता पर चली जाती। यानी सबको पता चल गया था कि  साधारण
हरीश, अतिसुंदर बीवी बच्चो का पति और पिता है। दफ्तर ले लेकर उसके पड़ोस परिचित, मित्र सारे लोग
उससे रश्क करते। हरीश ने क्या किस्मत पाई है। सबसे ज्यादा रश्क अपने सबसे धनवान, बिल्डर दोस्त
राजेश विश्नोई की आंखों में देखता है। भाभी..भाभी..करता हुआ वह खुद को हरीश से ज्यादा खुशनसीब
घोषित करता था। हरीश चाहता था कि वह खूब आए और रीना की तारीफ उसके सामने करे। राजेश की
वजह से उसका घर बच पाया था। पिता ने तो घर को ही गिरवी रख दिया था। राजेश के प्रति वह हर
तरह से कृतज्ञ था। चाहे रीना से उसका अपनापन जताना या तारीफ करना। अचानक राजेश कुछ समय
के लिए दुबई चला गया और हरीश खुद को कमजोर महसूस करने लगा। रीना उसे थाम लेती। हरीश
फिर इतना मुग्ध हो जाता कि बाहरी परेशानियों को झटक कर मस्त रहा करता था। जैसे कोई संत,
साधनारत हो और बाहरी तामझाम उसके लिए व्यर्थ हो। सुंदर बीवी, सुंदर बच्चे और अपना घर, जहां
शाम होते ही भाग कर पनाह लेने की जल्दी होती उसे। अपनी छोटी सी दुनिया में खोया हरीश उस
मनहूस दिन को याद करता है, जब उसने बेमन से अपनी पत्नी को उसकी सहेलियों के साथ हरिद्वार
गंगा नहाने जाने की इजाजत दे दी थी। इसके पहले पत्नी ने कभी अकेले जाने की इच्छा नहीं जताई
थी। पति और बच्चो के साथ ही जाती थी। उस दिन अचानक वह प्रस्ताव लेकर हाजिर हो गई थी जिसे
हरीश मना नहीं कर पाया। साथ जाने का उसका मन भी हो आया पर जानता था कि अचानक छुट्टी
मिलना संभव नहीं। बेमन से उसने इजाजत दे दी और उनकी तैयारियों में सहयोग भी करने लगा। दोनों
बच्चे भी मगन थे कि दो दिन वे बिना मम्मा के पापा के साथ मौज करेंगे। बस दो दिन ही तो बात है,
यूं गई, यूं आई। हरीश की उदासी से बेखबर रीना चहक रही थी। पहली बार सहेलियों के साथ घूमने
जाना, उसे रोमांचित कर रहा था। पड़ोस की औरतो का अच्छा खासा समूह बन गया था जो इतना
प्रभावशाली हो रहा था कि दिन-ब-दिन पति से कोई भी मांग मनवा ले। हरीश भला कहां टिकता उनके
सामने ! रीना पहली बार जा रही थी, सो हरीश का जी उदास था। उसे कुछ अच्छा नहीं लग रहा था। रह
रह कर आशंकाएं उसे घेरती। मन को समझाता और शांत हो जाता। उसे रीना के जाने से ज्यादा उसके
वापस आने की तारीख का इंतजार था। वह देख रहा था कि रीना बहुत उत्साह में है। जाने की तैयारी तो
ऐसे हो रही है कि मानो वहीं बस जाने का इरादा है। हरीश उसके उत्साह से भीतर भीतर चिढ भी रहा है।
उसकी कल्पना से परे था सबकुछ। दबी जुबान से एकाध बार हरीश ने टालने की कोशिश की तो रीना
चिढ गई। उसकी भाषा में तीखेपन का पुट आ गया था जो अक्सर शादी का खुमार उतरने के बाद रिश्तो
में आ जाता है। शुरुआती दौर में हर मनाही, हर रोक जितनी आत्मीय लगती है, कुछ साल बाद वही कैद
और मानवाधिकारो का हनन लगने लगती है। ये दोतरफा है। शादी से पहले जो आदतें, जो जिद, जो
आवारगियां भाती हैं, शादी में केमिकल लोचा होते हीं वे चुभने लगती हैं। मन में नागफनी सी उग आती
हैं, दोनों के मन में और रह रह कर डंसती हैं। 

दोनों के बीच पहली बार इस लोचे का पता चल रहा था। पहले ऐसी नौबत ही नहीं आई थी। 

“क्या चाहते हो, आप ? मैं गुलाम बन कर घर में पड़ी रहूं, जब आपकी मर्जी हो तो कहीं जाऊं, न हो तो
न जाऊं..और भी तो औरते हैं, उनके पति तो नहीं रोकते उन्हें...आप क्यों रोकना चाहते हो..मैं कोई घूमने
थोड़े ना जा रही हूं, मैं तीर्थ भी न करुं क्या..कब तक आपके भरोसे बैठी रहूं...बताओ...?”

हरीश निरुत्तर। कैसे कहे जी की बात कि उसका जाना खल रहा है, वह उसकी आजादी का दुश्मन नहीं है।
बस कभी इस तरह गई नहीं न। वह जानता था कि औरतो ने ठान लिया तो करके दम लेंगी। इन्हें कोई
नहीं रोक सकता। उसने बिना कलह किए, यात्रा का सारा इंतजाम भी कर दिया। सीधी टैक्सी करा दी
हरिद्वार तक की। वहां हरकी पौड़ी पर धर्मशाला तक बुक करवा दिया। हरीश पूरी तसल्ली कर लेना
चाहता था। और...एक दिन बीता, दूसरा दिन आया। सारी औरते रोज गंगा नहा रही थीं। दूसरे दिन भी
गंगा तट पर सारी औरतें भीड़ का हिस्सा बनी हुई थीं। धर्मशाला से  घाट के लिए चलने से पहले रीना ने
चहकते हुए फोन किया और सबसे बात की। बहुत उत्फुल्ल दिखाई दे रही थी। हरीश को लगा, अच्छा
हुआ, रीना ने अकेले जाने का अपना शौक पूरा कर लिया। अब कभी शिकायत नहीं करेगी, खुश रहेगी
और उसके प्रति कृतज्ञ भी महसूस करेगी। हरीश शाम का पेज डिजाइन करने बैठा था। कंप्यूटर की
स्क्रीन पर खबरो को सेट करने के हिसाब लगा ही रहा था कि दफ्तर के फोन की घंटी घनघना उठी।
उसने सोचा कोई और उठा लेगा, पर आसपास के सारे लोग डूबे थे, अपनी खबरो में। उसने माउस छोड़ा 
और फोन उठा लिया।
दफ्तर में पसरा शाम का सन्नाटा जैसे झन्नाक से टूट गया। 

उधर से जो कहा गया होगा, उसे सुनने के बाद वह सुन्न हो चुका था। पास में बैठे डेस्क इंचार्ज ने
उसकी हालत देखी और हठात पूछ बैठा. हरीश कुछ बोल सकने की हालत में नहीं था। डेस्क इंचार्ज 
संजय ने फोन उठा लिया और उधर से जो खबर मिली, सुन कर वह भी सकते में आ गया। संजय की
हरीश से खूब पटती थी। साथ ही बैठ कर दोनो अखबार के फीचर पृष्ठ बनाया करते थे। संजय की नजर
में हरीश लेआउट का मास्टर है। फीचर पेज के लिए उससे बेहतर कोई नहीं। फोटो के चयन से लेकर
स्टोरी की प्लेसिंग तक में माहिर हरीश डेस्क का फेवरिट डिजाइनर था। संजय ने हरीश को संभाला और
साथ लेकर दफ्तर से निकल गया। हरीश चुप था, कदम लड़खड़ा रहे थे। वह जल्दी से अपने घर, अपने
बच्चो के बीच पहुंच जाना चाहता था। दफ्तर में बात फैल गई थी। सबको यही लग रहा था कि अब
हरीश का क्या होगा...कैसे जीएगा...बच्चो का क्या होगा...अभी तो वे बहुत छोटे हैं...। कैसे अकेले देखेगा,
उन्हें। बच्चे अभी उम्र के नाजुक मोड़ पर हैं, उन्हें पिता से ज्यादा मां की जरुरत होती है। हरीश के लिए 
जैसे दुख का पहाड़ टूट पड़ा।
रीना के साथ गए रिश्तेदारो ने हरिद्वार से ही खबर दी कि रीना गंगा में डूब गई और उसका कहीं पता
नहीं चल रहा है। मोहल्ले की दो औरतें, वापस बिना रीना के लौट रही थीं। अपने साथ दुखों और
तकलीफ की गठरी लिए। एक परिवार के उजड़ने का समाचार लिए। हरीश को कुछ होश नहीं था, वह
बच्चो को सीने से लगाए सिसक रहा था। उसे यकीन नहीं आ रहा था। उसके बच्चे भी मानने को तैयार
नहीं थे कि उनकी मां गंगा में डूब कर मर सकती है। 

“पापा...मम्मी...हरिद्वार चलिए...वे डूब नहीं सकती...पापा..चलो, हम उन्हें खोजे...वे पानी में ही होंगी,
कहीं किनारे पर तैर कर चली गई होंगी..”

बेटी बिलख रही थी।
“बेटा, सुधा आंटी ने बताया, मम्मी के कपड़े सीढियों पर रखे थे, वे नहाने उतरी, बहुत भीड़ थी, वे
भगदड़ में ज्यादा गहरे पानी में चली गई और...”

बेटी को दिलासा देते हुए हरीश को यकीन नहीं हो रहा था, रीना कभी गहरे पानी में जाने का रिस्क नहीं
ले सकती। वह तो ऐसे भी गहरे पानी से डरती है। हरकी पैड़ी घाट पर लोहे की मोटी मोटी जंजीरे लगी
हुई हैं। सारे लोग उसे पकड़ कर नहाते हैं। बीच धारा में वही जाता है, जिसे तैरना आता हो। वैसे बड़े बड़े
तैराक भी किनारे पर ही डूबकी लगाते हैं। रीना आखिर बीच धारे गई क्यों। वे औरतें दिल्ली पहुंच जाएं
तो सारे सवाल उनसे करूं। उसे इंतजार था, उनके लौटने का। 

“नहीं पापा...हम उन्हें ढूंढने जाएंगे...वो मिल जाएंगी...भीड़ में होंगी कहीं न कहीं...वे सबको ढूंढ रही
होंगी..पापा..हो सकता है, कहीं बहते बहते दूर निकल गई हों..पापा..हम उन्हें आखिर तक...”

बेटा फफक फफक कर रो रहा था। पूरा घर मौत की गंध और पड़ोसियों से भरा पड़ा था। सब चुप थे,
किसी को कुछ सूझ नहीं रहा था। सबके चेहरे से ऐसा लग रहा था कि उन्हें इस खबर पर यकीन नहीं
आ रहा हो। पर घटना मुहल्ले के दो औरतो के सामने घटी थी, यकीन तो करना पड़ेगा। 

संजय के साथ खड़ा हितेश सारा विलाप सुन रहा था। आखिरी लाइन सुनते ही उसकी आंखें चमक उठीं।
संजय के कान में कुछ फुसफुसाया। संजय को हितेश की पहुंच का अंदाजा था। उत्तर प्रदेश के नेताओ 
तक सीधी पहुंच थी उसकी।
संजय ने हरीश के कान में कुछ कहा और फिर कुछ पल के लिए वहां माहौल बदल गया। हरीश ने आंसू
पोंछे, हितेश ने फोन करके किसी नेता की गाड़ी मंगवा ली। तीनो लद के हरिद्वार रवाना हो गए।
हरिद्वार जाते समय संजय और हितेश अपने साथ किसी जिंदादिल इनसान को नहीं, बुझी हुई कामनाओं
को ले जा रहे थे, जिसमें फिर से जिंदा होने की उम्मीदें भुकभुका रही थी। 

.......
हरकी पैड़ी में उस दिन बहुत भीड़ थी। यूं तो हरिद्वार में साल भर भीड़ रहती हैं। दिल्ली वालो के लिए
हरिद्वार सबसे करीबी टूरिस्ट प्लेस है। तीर्थ और पर्यटन दोनो का अहसास यहां होता है। हरकी पैड़ी
सबसे  पवित्र घाट मानी जाती है कि अमृत मंथन के समय अमृत यही छलक कर गिरा था। तब से
अमरता की चाह में श्रध्दालू यहीं हर हर गंगे कहके डुबकी लगाते हैं। तीनों औरतों ने यहीं तय किया था,
गंगा स्नान का। साथ आई सुधा ने जरुर एक बार कहा-“रीना, तेरे पति मीडिया में हैं, उनसे पैरवी कराके
वीआईपी घाट का इंतजाम क्यों नहीं करा लेती। भीड़ भी कम होगी, आराम से छपछप करके देर तक 
नहाएंगे। पानी तो एक ही है न...”
सुधा का साथ शांति ने भी दिया था। पर रीना का मन यहीं नहाने का था। घाट की सीढियों पर सबने पहनने वाले कपड़े रखे और ठंढे पानी में उतर गईं। पहाड़ो पर हुई बरसात ने गंगा जल को गंदला
कर दिया था पर हरकी पैड़ी के किनारे पानी साफ था लेकिन बहाव खूब तेज। लोग बीच धारे में जाने से
बच रहे थे। प्रशासन ने एक सीमा के बाद जंजीर से रोक लगा दी थी। उसके पार जाने की इजाजत किसी
को नहीं थी। रीना पानी में उतरी और बच्चो की तरह पानी में देर तक उछलती कूदती रही। उसके मन
से तीर्थ स्थल का अहसास जाता रहा। वे तीनो स्त्रियां नहीं, तीन बच्चे थे जो पानी के साथ चुहल कर रहे
थे। वहां कोई शांत रह भी कैसे सकता था...। गंगा का ठंडा और निर्मल पानी जैसे बांध लेता है वहां और
देर तक कोई बाहर निकलता नहीं। सुधा और शांति नहाते नहाते एक दूसरे पर पानी फेंकते हुए कभी
कभी छिटक कर दूर भी चली जाती थीं और रीना कभी सीढियों पर बैठती तो कभी डूबकी लगाती...तीनो
कभी कभी एक दूसरे से बेखबर भी हो जाती। आज दूसरा दिन था, ये दूसरा स्नान था। इसके बाद दिल्ली
के लिए निकलना था। रीना जी भर के गंगा के ठंडेपन को अपने भीतर भर लेना चाहती थी...भर रही
थी। सुधा चिल्लाई-गंगा में डुबकी का महत्व है, कमसे कम पांच या तीन..जो ज्यादा लगाएगा, उतना
 पुण्य..

“अच्छा..!!”
“ये लो...” शांति चीखी...उसके साथ ही उसकी डुबकियां शुरु...

मैं दस डुबकी से कम नहीं लगाऊंगी..पानी ठंडा है पर कर लूंगी...देखते रहो...रीना हल्का हल्का सिहर रही
थी। सुधा और शांति अपनी डुबकियां गिन रही थी, रीना चुप थी। अपने आसपास कुछ अजनबी लोगो से
घिरी थी जो नहाते नहाते अचानक उससे टकरा जाते थे। सुधा और शांति ने अपनी गिनती की डुबकियां
पूरी करने के बाद चारो तरफ देखा, रीना से पूछना चाहती थीं कि उसने कितनी डुबकी लगाई। गंगा में
पानी बहे जा रहा था...कल कल कल.., लोग उछल रहे थे, बदन घिस घिस कर ऊब-डूब हो रहे थे,
किलोल कर रहे थे, रीना ने डुबकी लगाई और बाहर नहीं निकली। 

दोनों ने चारो तरफ देखा। पानी के अंदर देखने की कोशिश की, अंदर सतह दिख रही थीं, जंजीर दिख
रही थी, लोग दिख रहे थे अठखेलियां करते हुए, गंगा के भजन गूंज रहे थे, पंडा टीका लगाते घूम रहे थे,
सबकुछ था, रीना नहीं थी वहां। गंगा में पानी बहे चला जा रहा था...।

“रीना रीना...” की पुकार से पूरा हरकी पैड़ी गूंज रहा था। भजन बंद हो कर लाउडस्पीकर पर उदघोषणा
शुरु हो चुकी थी। सुधा बदहवास सी रीना के कपड़े लेकर छटपटाती हुई इधर उधर घूम रही थी। रीना का
कहीं पता नहीं था। कुछ तैराक लोग पानी के अंदर जाकर तलाशने का असफल प्रयास कर रहे थे। शांति
लगातार विलाप कर रही थी...”हाय हाय...हरीश को क्या मुंह दिखाएंगे..किस मुहुरत में घर से निकले..क्या
हो गया...कहां गई...डूब गई रीना...जब तैरना नहीं आता था तो क्या जरुरत थी, गहरे में जाने की..डुबकी
लगाने की क्या होड़ थी...पता नहीं अब तक उसका क्या हाल हुआ होगा...हे गंगा मईयां...अपनी भक्ति 
का क्या फल दिया आपने..?”
शांति की हालत वन में व्याकुल भटकते सीताविहीन राम सी हो गई थी...हे खग, हे विहग..तुम देखि
सीता मृगनयनी....। शांति को अपने घर वाले का डर बुरी तरह सता रहा था। वह लौट कर जाएगी तब
उसके साथ सब कैसा व्यवहार करेंगे...सोच सोच जी हलकान हुआ जा रहा है। 

सुधा विलाप नहीं कर रही थी, वह कभी पुलिस वालो को कहती तो कभी किनारे खड़े सुरक्षा गार्डो को...जो
दूर दूर तक खोज कर वापस आ गए थे। सबने हाथ खड़े कर लिए थे। सुधा ने अपनी कोशिशे नाकाम
होते देख कर हरीश के आफिस फोन लगा दिया। इस बात को ज्यादा देर छुपाना संभव नहीं था। जितनी
जल्दी बता दें तो ठीक। वह समझ गई थी कि बड़ी मुसीबत में सब फंस गए हैं, अब बचना मुश्किल। 

वह डरी हुई थी कि पहली बार घर से अकेले जाने की इजाजत अब हमेशा के लिए कंलकित हो गई। वे
जीवन भर अकेली यात्रा का नाम नहीं ले सकतीं।

“ओह...रीना...तूने ये क्या किया ?”

सुधा की आंखों से आंसू ढलक आए। लगा कलेजा वहीं कट कर गिर गया। रीना क्या गई, अपने साथ
उनकी जिंदगियों का भी बहुत कुछ ले गई। 
……….
गंगा की ऐसी छनाई पहले शायद ही कभी हुई हो। हरीश हरकी पैड़ी की सीढियों पर बैठा प्रलय के मनु
की तरह बैठा, जल प्रवाह देख रहा था। सीढियां गंगाजल से गीली हुई थीं या हरीश के आंसुओ से, पता
नहीं। तेज तो दोनों में था। हरीश ने सिर उठा कर गंगा मंदिर की तरफ देखा-यही वह जगह है जहां शिव
नीलकंठ हुए थे। वह भी इस जगह पर आकर अमृत की जगह जहर का फैलाव देख रहा था। रीना बचने
के लिए धाराओ में हाथ पैर मार रही है, उसकी सांसे टूट रही हैं, वह चीखना चाहती है, चीख नहीं पाती,
अमृत ने उसका मुंह रेत से भर दिया है...वह दूर बहती हुई जा रही है...कोई रोको उसे...बचाओ उसे...मैं
शिव नहीं होना चाहता...मैं अपनी सती को भस्मकुंड में स्वाहा होते नहीं देख सकता..ओ...”

वह छटपटा रहा था, विलाप कर रहा था, हितेश ने उसे बांहों में भर लिया। उसे वहां से दूर ले जाना 
चाहता था।
हितेश ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए स्थानीय प्रशासन को हिला कर रख दिया था। सारे तैराक,
पुलिस गंगा को छानने में जुटी थी। हरकी पैड़ी से लेकर रानी पुर झाड़, कांगरी गांव और रुड़की गंग नहर
तक तैराको ने गंगा को खंगाल लिया। उनके हाथ बहुत कुछ लगा, बस रीना की लाश नहीं मिली। हरीश
समेत पूरा महकमा हैरान परेशान था कि आखिर रीना की लाश कहां गई। डूबी होती तो इन्हीं तीनों
इलाके में जाकर लाश अटकती। ज्यादातर लाशें बहती हुईं इन्हीं इलाके में आ जाती हैं। जिन्हें अपने नाते
रिश्तेदारो के डूबने की खबर मिलती है वे यहीं आकर ढूंढते हैं अपनो को। गंगा का बहाव इतना इतना
तेज है कि बीच में कहीं अटकने की कोई गुंजाइश नहीं बचती। हरीश हताश निराश गंग नहर के किनारे
खड़ा था। गहरी नहर के किनारे अकेला बैठा पानी को सूखी आंखों से घूरे जा रहा था। पानी की सतह पर
रीना का चेहरा उभरता और मिट जाता। हरीश छटपटा कर हाथ बढाना चाहता, पर बढा नहीं पाता। दो
लोग उसे जकड़े हुए हैं कि कहीं पानी में छलांग न लगा ले। वह एक बार रीना को अंतिम बार ही सही,
देख लेना चाहता था ताकि उसे यकीन आ सके कि वह मर चुकी है। सारी खोजो के बाद वह समझ नहीं
पा रहा कि क्या करे। रीना को मरा हुआ समझे या गायब। अब पुलिस वाले केस अलग तरह से दर्ज
करना चाह रहे थे। हरीश कुछ बोल पाने में अक्षम महसूस कर रहा था। हितेश ने मामले को हाथ में ले
लिया था। अब रीना की फोटो अखबार में छपेगी और ढूंढने पाने वालो के लिए मोटा इनाम घोषित किया
जाएगा।

बच्चो के आंसू थम चुके थे कि उन्हें यकीन हो गया था, उनकी मां मरी नहीं, जिंदा है, जहां कहीं है।
उन्हें रोना इस बात पर आ रहा था कि उनकी मां किस हालत में होगी...हरीश सोच रहा था कि रीना कहां
गायब हो गई। क्यों ? कैसे ? अब उसे अलग तरह के सवाल परेशान कर रहे थे। तरह तरह की आशंकाएं
मन को घेरती और वह बिलबिला उठता। अपने आप से लड़ता हुआ उसका यकीन इस बात पर पक्का हो
जाता कि रीना का अपहरण हुआ है। नहाते हुए कोई कैसे उठा कर ले जा सकता है। सुधा और शांति ने
तो रीना के कपड़े भी देखें थे जो घाट पर पड़े थे वैसे ही। हरीश और रीना को कोई दुश्मन भी नहीं था।
हां, रीना सुंदर इतनी थी कि कोई उसे उठा ले जा सकता था पर गंगा नहाते हुए...”  सोचते सोचते हरीश
की छोटी छोटी आंखें और सिकुड़ गईं। चेहरे का सारा नूर चला गया था। जैसे सारा स्वाभिमान धराशायी
 हो गया हो।

सुधा और शांति का रोदन भी थम चुका था। सबके सब नए सिरे से इस मसले पर विचारमग्न थे और
रीना को तलाशने के नए नए तरीके खोजे जा रहे थे। किसी तरीके का कोई हल नहीं निकला। दिन महीने 
साल निकलते गए....

रीना का पता नहीं चला। न वह मरे हुओ में शामिल थी न जिंदा में। हरीश के भीतर बारुद भरता चला
जा रहा था। वह बदल रहा था। पांच साल के लंबे इंतजार ने उसे और उसके परिवार को बदल दिया था।
बच्चे चाहते थे, पहाड़गंज का यह पुराना घर छोड़ कर पूर्वी दिल्ली के किसी अपार्टमेंट में शिफ्ट हो जाएं,
जहां उनकी मां के बारे में न कोई पूछने आए न सहानूभूति जताने। जहां वे अपनी अदृश्य दुनिया बना
लें, एक नई दुनिया, जहां अपने सूनेपन को नए सिरे से भरा जा सके। हरीश तैयार नहीं होता। गुड्डी अब
गुंजन बन चुकी थी और चिंटु अब चिराग त्यागी। तब ग्यारह साल का चिंटू अब 16 साल का सुंदर युवा
में बदल चुका है। गुंजन त्यागी किशोरावस्था की दहलीज पर पैर रख चुकी है। हरीश को अपने पुश्तैनी
घर से खासा लगाव है। इसी घर ने उसे सब कुछ दिया और छीना...यहीं बड़ा हुआ..। इसे छोड़ कर कहां
जाएं। सुधा ने कई बार समझाया – “भाई साब, आप मकान बदल लो...शायद रीना को भूलने में आसानी
हो..यहां उसकी यादें परेशान करती होंगी...अब वो क्या आएगी...मुझे तो लगता है, वह डूबी होगी और
कहीं ऐसी जगह बह कर चली गई होगी, जहां हम नहीं पहुंच सके।“ 

हरीश बिलबिला जाता-
“सवाल ही नहीं होता...हमने कितना ढूंढा...सारी संभावित जगहें देखीं...नहीं...वह डूबी नहीं..वह मरी
नहीं...वो जिंदा है सुधा जी...पर कहां...किस हाल में...क्या कर रही होगी...क्या किसी तरह आ नहीं सकती
थी...फोन तो कर सकती थी...चिठ्ठी तो लिख सकती थी...रीना तो अपने बच्चो के बिना एक दिन रह
नहीं पाती थी। फिर कैसे...कभी कभी लगता है, शायद सचमुच जिंदा नहीं...पर दिल नहीं मानता।“

बोलते बोलते चुप हो जाता....कंठ से गीले गीले शब्द निकलते...

“कई बार लगता है, वो यहीं हैं कहीं आस पास...जैसे सब कुछ देख रही हो...किसी बात पर नाराज है और
“भाई साब, कोई भी नाराजगी, पांच साल लंबी नहीं चलती न...मुझे तो दाल में काला...”

सुधा का पति पंकज बीच में ही बोल पड़ता। उसके अक्खड़ बोल किसी को नहीं भाते पर हरीश जैसे वहां
था ही नहीं। वह अपने भीतर उतर जाता था, बोलते बोलते...उसकी आंखें जितनी बाहर देखतीं, उतनी ही
अंदर...ड्राइंग रुम का दरवाजा सीधा सड़क पर खुलता है..कई बार अधखुला छोड़ कर वह देर तक सुन्न
बैठा रहता..सामने सड़क पर तेजी से गुजरती हुई गाड़ियां, लोग, फेरीवाले...शोर से भरी हवा। हरीश के
भीतर उतना ही सन्नाटा...पांच साल बाद भी जीना नहीं सीखा। शांति ने कई बार समझाया-“भाई साब,
आप देख लो अपने लिए...बच्चे छोटे हैं, कैसे पलेंगे...बेटी बड़ी हो रही है। उसे मां की जरुरत है। आपकी
अभी उम्र ही क्या है...कहिए तो हम कोशिश....”

“प्लीज...शांति भाभी...मुझसे अब न होगा ये सब...जैसे चल रहा है, चलेगा...मैं अपने बच्चो को सौतेली
मां लाकर नहीं दूंगा...जब सगी मां साथ नहीं दे सकी तो दूसरी क्या देगी...आप लोग अब ये सब बात
करना छोड़ दें...मैं अब ठीक हो रहा हूं...संभल गया हूं...जिंदा तो रहना है न...अब इस पर बात करना
बेकार है...।“

हरीश का चेहरा तन जाता। गर्दन की सारी नसें स्याह हो जातीं। बेतरतीब-सा चेहरा लिए शाम को उठता
और सीधा क्लब चला जाता, जहां शाम की कोई नयी साथी उसका रोज इंतजार करती। 

प्रेस क्लब के मछली बाजार में रोज शाम अपने लिए सुकुन तलाशता और साथी ढूंढता। यहां चार पैग
पीने के बाद कोई सवाल पूछने लायक नहीं रह जाता कि पत्नी के बिना कैसा जीवन चल रहा है। पत्नी
के गायब होने की खबर क्लब से स्थायी पियक्कड़ो से दबा ली गई थी। एक कोने में रोज हरीश अपनी
उम्रदराज महिला मित्र के साथ बैठता, खाता पीता और पहले नीना को घर की गली में छोड़ता फिर खुद
घर वापस आता। दोनों बच्चे या तो सो चुके होते या बत्ती जली होती। अपने अपने कमरो में दो बड़े होते
बच्चे अपनी दुनिया बना रहे होते या जूझ रहे होते अपनी समस्याओ से, हरीश पता नहीं कर पाता था।
उन्हें छोड़ दिया था, उन्मुक्त और खुद भी फ्री बर्ड रहना चाहता था। ये जिंदगी उसे रास आने लगी थी।
बड़ी होती बेटी और बेटा, घर अचानक तीन बड़े सदस्यो का पनाहगाह हो गया था। हरीश को दिन भर
शाम का इंतजार रहता, जब वह क्लब में जाए और नीना से मिले, जो इन दिनों सिर्फ उसी का इंतजार
करती। उसे लगने लगा था कि जिंदगी अब पटरी पर आ गई है...सब ठीक चल रहा है..बच्चे एडजस्ट हो 
गए हैं...नौकरी भी सही चल रही है, कुछ ही दिनों के बात है, बच्चे सेटल हो जाएंगे फिर सारी
जिम्मेदारियों से मुक्त हो जाऊंगा। अपने अकेलेपन की चिंता भी कहीं पीछे छूट गई थी। उसे लगने लगा
था कि हादसे सिर्फ उसी का पता ढूंढते नहीं आए थे, नीना का भी पता उन्हें याद था। क्लब में वह
जलते बुझते चेहरे देखता और भीतर से मजबूत होता जाता। सब किसी न किसी कहानी का हिस्सा हैं।
सबके साथ जिंदगी खेल खेल रही है। सोचते सोचते वह दो पैग ज्यादा चढा लेता और बहकने के बजाय
शांत हो जाता। उसे लगता, हरकी पैड़ी में गंगा भी शांत हो गई होगी। जो पीड़ा का निमित्त बनता है, उसे 
 भी कम बेचैनी नहीं होती होगी।

............

उसे सहसा यकीन नहीं हुआ। ये सूचना लेकर सुधा ही आई थी उसके पास। उसने शांत गंगा में कंकड़
मार दिया था। अवाक सा हरीश वहीं सोफे पर पसर गया। क्यों होता है ऐसा, जब जीवन में सबकुछ ठीक
चल रहा होता है तब अचानक कोई सदमा, कोई झटका, कोई तूफान आता है और नए सिरे से सब तबाह
करके चला जाता है। एक बार फिर...इतने सालों बाद...क्या करे वह। नही...खुद कोई फैसला नहीं
करेगा...। तब वह अकेला बड़ा था, अब दो बच्चे बड़े हो गए हैं, उन्हें शामिल करना होगा, उन्हें सच्चाई
बताई जाएगी। उनके मन में कहीं पिता के प्रति कटुता होगी, वह कम होगी। अब अकेले कोई फैसला नहीं
लेगा। चाहे अपने भीतर कितना भी मरना पड़े। हरीश ने खुद को संभाला और सुधा को स्पष्ट अपनी से
भावनाएं बता दीं। उसकी वापसी की खबर सुन कर जितना पहले दुख हुआ था उससे ज्यादा दुख उसे अब
हो रहा था। ये लौटना भी कोई लौटना है। जिसमें धोखा, छल, प्रपंच, ड्रामा, सस्पेंस....सब भरा हुआ हो।
उसे कुछ न पूछना था। बस एक सवाल....क्यों किया उसने ऐसा, इसके साथ, बच्चों के साथ...उनका
बचपन, मेरी जवानी क्यों छिनी...। वह सच सुनना चाहता था, सबके सामने, अकेले में बिल्कुल नहीं।
सुधा चाहती थी पहले दोनों अकेले मिलें फिर बच्चो के सामने। हरीश कमजोर नहीं पड़ना चाहता था। वह
भीतर से बदला हुआ इनसान था जिसके मन में उस छली स्त्री के लिए तिनका भर प्यार नहीं बचा था। 

सुधा हरीश को कारण बताना चाहती है, पर वह सुनना नहीं चाहता। वह बहुत दूर निकल चुका है।
हरकीपैड़ी से, गंगनहर से, कांगरी गांव से...सब से...

सब बैठे हैं, इंतजार में हैं...सितंबर की उस उष्ण शाम को और पकना था शायद। हरीश ने पूरी पंचायत
बुला ली थी। चिंटु, गुड्डी, सुधा, शांति सपरिवार वहां एकत्र थे। वह नीना को भी बुलाना चाहता था। कुछ
सोच कर ठिठक गया। दरवाजा खुला था। सडक तक नजर आ रही थी। सब मौन बैठे थे। सिर्फ कुछ
धड़कने गिनी जा सकती थीं। सबके चेहरे के भाव अलग अलग थे। सुधा और शांति जहां कातर नजर आ
रही थीं, उनके पति कठोर मुद्रा में बैठे थे। गुड्डी का चेहरा कातर हो गया था, और चिंटु का चेहरा सख्त
था। हरीश अपने को जाहिर नहीं करना चाहता। वह आज नहीं बोलेगा, बच्चे बोलेंगे। उनके भीतर दर्द का
ग्लेशियर बहना चाहिए, नहीं तो ये जीवन भर सामान्य नहीं हो पाएंगे। मामला सिर्फ एक पत्नी का नहीं,
बच्चो की मां का भी है, और बच्चे बड़े हो चुके हैं। गुड्डी से भीतर सवालो के तूफान उठ रहे थे, चिंटू
सवालो से सुलग रहा था। हरीश ने सारा फैसला दोनों पर छोड़ दिया था। दोनों बाहर से चुप थे और
भीतर से बोल रहे थे जिसे कोई सुन नहीं पा रहा था। हरीश भी नहीं। उसने सोच लिया था, जो बच्चे
कहेगे, वह मान लेगा। उसकी अपनी इच्छा का अब कोई खयाल नहीं। बस एक ही सवाल जेहन में कहीं
कैलेंडर की तरह टंगा रह गया है उसका जवाब मिल जाए, फिर चाहे जीवन का जो रुप बने। बस एक
सवाल। खुद को सवाल पूछने के लिए भीतर से तैयार कर रहा है। 

अपने भीतर से जूझते हुए तीन लोग खुद को लैस कर रहे थे, तीनो का मिजाज भिन्न । 

और वह आई, दरवाजे के अंदर ऐसे दाखिल हुई, जैसे दरवाजा खोलते ही सुबह की धूप। पीले रंग की
बदरंग सूट में जैसे कोई धूप से छिटका हुआ कतरा होता है, वैसी दिख रही थी, पतली, क्षीणकाया सी
पतली धूप-रेखा। चेहरे पर फैले बाल जैसे धूप को घेरती हुई टहनियां हों, पतली काली, मरियल सी। 

हरीश ने भरपूर देखा और नजरें झुका लीं। यह वह स्त्री नहीं है जो उसके साथ रहती थी। जिसके रुप पर
वह न्योछावर रहता था। जिसकी बोली पर निहाल हो जाया करता था। यह तो कोई और है, उसके ले-
आउट में। कौन है, भगोड़ी रीना, बेवफा रीना, साध्वी रीना...। सब अपनी जगह स्तब्ध खड़े थे। 

“आपको हमसे क्या चाहिए...अब क्या चाहती हैं आप ?”

“हमारा सबकुछ तो खत्म कर दिया आपने, अब क्या करेंगी यहां आकर ?” 

“आप हमारी मम्मी नहीं हैं...वो तो गंगा में डूब कर...”

सुबकन में बातें दब गईं। हरीश ने बांहे फैला कर बहुत दिनों बाद गुड्डी को अपने से सटा लिया। बिन मां
की बच्ची बस भरभरा कर गिरने ही वाली है...

“पापा, आप उन्हें बोल दो वे यहां से चली जाएं...हम अकेले ही आपके साथ खुश हैं...हमें उनकी जरुरत
“हम आप पर कैसे भरेसा कर लें ? फिर भाग गईं तो ? पापा तो मर ही जाएंगे...मम्म...”

“चिंटू...” हरीश की मिमियाती हुई आवाज बीच में ही दम तोड़ गई।

मम्म...सुनते ही रीना दौड़ी चिंटू की तरफ, रोती बिलखती...चिंटू छिटक कर दूर चला गया।

“सुनिए...आपने जो किया, क्यों किया...मुझे नहीं जानना...बस आप चले जाओ, यहां से...हमारी जिंदगी से
दूर...जहां थीं, वहीं चली जाइए...हमें ऐसे ही छोड़ दीजिए...हमें आपसे कुछ नहीं सुनना...आप वापस आई
ही क्यों...जाइए...पापा...इन्हें कहिए..चली जाएं..”

गुड्डी जोर जोर से बिलख रही थी। कमरे में सारे लोग अब तक स्तब्ध। पहले सुधा उठी, फिर पीछे पीछे 
सारे बाहरी लोग निकल गए।
“मैं तुम लोगो के बिना नहीं रह सकी...बेटा...मुझे माफ कर दो...मुझे एक मौका दे दे...प्लीज...मुझसे बहुत
बड़ी भूल हो गई...तुम कुछ कहो न...चुप क्यों हो...मारो मुझे..सजा दो मुझे...मैं गुनाहगार हूं तुम
सबकी...अब मैं कहां जाऊं..मेरे पास तो कुछ भी नहीं...मैं सब कुछ छोड़ कर आई हूं...”

“आते आते बहुत देर हो गई रीना..” हरीश दर्द से कराह उठा। 

“तुमने ऐसा क्यों किया रीना ? क्या गुनाह था मेरा ? कहां कमी रह गई थी ? तुम मेरे साथ खुश नहीं थी..ये
तो पता भी न चला हमें...मुझे तो याद नहीं कि कभी मैंने तुम्हारी कोई ख्वाहिश पूरी न की हो...मैं
तुम्हारे लायक नहीं था...बस यही कमी है मुझसे....और मेरा गुनाह क्या था...रीना...”

वह कांप रहा था...शब्द टूट रहे थे।

रीना ने गुड्डी की तरफ कांपते हुए हाथ बढाया...उसने हाथ झटक दिया। “मत छूइए...आपके रोने से पापा
पिघल सकते हैं...मैं नहीं...आप मां हैं...कैसी मां हैं आप....आपको मालूम भी है कि मां क्या होती है...बस
पैदा कर देना, पाल कर बड़ा कर देना...ये अहसान आपका याद रखेंगे...लेकिन एक बेटी के लिए मां का
होना क्या होता है, आप जानती भी हैं...आपको कुछ पता भी है...एक किशोर होती बेटी को मां की जरुरत 

“मुझे माफ कर दे गुड्डी....इतनी कठोर मत बन...मेरी बात तो सुन...मुझे भी तो समझ...मेरी तो कोई
नहीं सुन रहा...आह...” रीना निढाल होकर जमीन पर बैठ गई।  
कहां और कब होती है...?”
“आपको पता भी है कि आप किस मोड़ पर मुझे छोड़ कर गई थीं..तो सुनिए...कि क्यों हम आपसे नफरत
करते हैं..आपके जाने के दो तीन साल बाद ही मैं स्कूल से पापा के पास रोती हुई आई थी कि पापा मुझे
घाव हो गया है....मुझे अंदर से ब्लड आ रहा है...आय वाज ब्लीडींग मौम...आय वाज ब्लीडींग...मेरी ड्रेस
गंदी हो चुकी थी...सब हंस रहे थे मेरे ऊपर...मैं खुद से छिप रही थी...पापा ने सहारा दिया...वे मुझे सुधा
चाची के पास ले गए...आप कहां थी तब...। है कोई जवाब आपके पास...बताइए...तब तो आप अपनी नयी
जिंदगी में ऐश कर रही होंगी..आपको क्या पता कि पीछे एक बेटी भी छूट गई है, अब क्या हुआ 
आपको...कहां गया आपका...?”
गुड्डी चीख रही थी, विलाप कर रही थी...हरीश स्तब्ध, अपनी कम बोलने वाली, अंतर्मुखी बेटी को देख 
रहा था।
हरीश ने फर्श पर बैठी रीना को उठाया, हल्का सा सटते ही पुराना रोमांच लौटा पर बदन से वह खुशबू
गायब थी। यह स्त्री जो वापस लौटी है वह कोई और है और जिसके साथ रह कर वह पहले जैसा जीवन 
नहीं जी सकता।

“रीना...!!”

बेहद ठंडी और निर्णायक आवाज ।

“अलविदा...!!”

“सुनोगे नहीं...क्या हुआ था मेरे साथ ?”
“अब नहीं सुनना...तुम लौट जाओ..हमें हमारे हाल पर छोड़ दो...बच्चों ने अपना फैसला सुना दिया है।
इनका फैसला, मेरा फैसला...बाय रीना...आय एम हेल्पलेस....मेरे बच्चों की जिंदगी में कभी लौट कर न
आना। हमारी जिंदगियां बदल चुकी है जहां अब तुम्हारे लिए कोई जगह नहीं...”

गुड्डी और चिंटू रोते रोते अपने अपने कमरो में घुस गए थे।

“हरीश...!”
रीना जोर से चीखी, पहली बार...वह रोना भूल गई। चेहरा दिपदिप जल उठा था। बाहर की ओर निकलते 
हुए बोलने  लगी,
“सुनो हरीश...सुना कर जाउंगी...तुमने मेरे बच्चो को भी मेरे खिलाफ कर दिया है...मैं समझ गई...ये घर
मेरा नहीं रहा...पर सुनो। मैं जा रही हूं...कभी लौट कर नहीं आऊंगी…तब तो मैं कोई भागी नहीं थी, ट्रैप्ड
हुई थी, और वह भी तुम्हारे उस जिगरी बिल्डर दोस्त के जिसके अहसान के तले तुम दबे हो और
जिसकी कीमत मैंने चुकाई है...।" थोड़ा थमकर फिर बोली, "यही तुम्हारा प्यार था...पाँच ही सालों में
ध्वस्त हो गया ! अब मै खुद ही जा रही हूं। अब मेरी तलाश मत करना। जानती हूं, तुम्हारे भीतर भी
बहुत सवाल होंगे...मेरे भीतर  भी बहुत आग है...चैन से रहो इस घर में..कर्ज मुक्त खानदानी घर, इस
घर में ही मेरा घर दफ्न हुआ...!”

हरीश को कुछ सुनाई नहीं दे रहा था...कान सुन्न हो चुके थे और आंखें धुंधली...पानी की छोटी बूंदो में
एक चेहरा झिलमिला रहा था। दरवाजा खुला था और अंधेरा बेधड़क कमरे में पसर गया था।

********

3 comments:

  1. मैंने पढ़ी है ये कहानी सब कुछ जो जमा सा था;पिघलाती हुई सी बाहा के ले गई थी। अन्दर से

    ReplyDelete
  2. एक डुबकी बहुत कुछ कहने सुनने समझने को छोड़ गयी। कहानी अपने संग बहाती हुई अजीब से मोड़ पर छोड़ गयी। गीता दी, एक बार फिर निशब्द हूँ। शुक्रिया अंजू, डुबकी से हमारा परिचय कराने के लिए

    ReplyDelete